न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के साथ ही प्रशासन की ओर से कोरोना से बचाव के इंतजामों का खाका खींचना शुरू कर दिया गया है। शासन के निर्देश पर यहां जिले में प्रशासन की ओर से तीन क्वारंटीन सेंटर बना दिए गए हैं। इन क्वारंटीन सेंटरों में 215 लोगों के रहने की क्षमता है। प्रशासन की ओर से अन्य क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए जगहों का चिह्नांकन किया जा रहा है।
कोरोना की दूसरी लहर में प्रवासी मजदूरों, श्रमिकों और कामगारों व अन्य व्यक्तियों के प्रदेश में आगमन पर जनपदों में अस्थायी आश्रय स्थल, क्वारंटीन/स्क्रीनिंग कैंपस स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। शासन ने निर्देश दिए हैं कि जिला मुख्यालय पर किसी उपयुक्त भवन जैसे स्कूल, कॉलेज, होटल, हास्टल और धर्मशाला आदि को चिन्हित कर उसे अस्थायी आश्रय स्थल, क्वारंटीन और स्क्रीनिंग शिविर में परिवर्तित कर दिया जाए।
प्रशासन ने जिले में तीन क्वारंटीन सेंटर बनाए हैं। इनमें प्रेम रघु हॉस्पिटल, बस स्टैंड और सासनी में प्रकाश एकेडमी को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। इन क्वारंटीन सेंटरों में फिलहाल 215 लोगों के रहने की क्षमता है। एडीएम जेपी सिंह ने बताया कि सभी क्वांरटीन सेंटरों में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करा दिया गया है।
क्वारंटीन सेंटरों के संचालन को धनराशि स्वीकृत
हाथरस। शासन स्तर से क्वारंटीन सेंटरों के संचालन के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। यहां जिले के लिए प्रशासन की ओर से एक लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी गई। शासन की ओर से इस धनराशि प्रशासन को कोरोना की मद में भेजी गई है। शासन ने निर्देश दिए हैं कि इस धनराशि का व्यय अन्य किसी कार्य में न किया जाए।