न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद के मामले को लेकर यहां भी पुलिस और प्रशासन बेहद सतर्क है। इसे लेकर खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है और संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को होने वाली नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सेक्टर वार मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
ज्ञानवापी का मामला इस समय सुर्खियों में है। इसे लेकर यहां भी प्रशासन बेहद सतर्कता बरत रहा है। इसके मद्देनजर शुक्रवार 20 मई को होने वाली नमाज को लेकर डीएम रमेश रंजन ने क्षेत्र वार व तहसील वार मजिस्ट्रेटों को नामित किया है।
डीएम ने कानून व्यवस्था की निगरानी के लिए हाथरस तहसील संपूर्ण क्षेत्र के लिए उपजिला मजिस्ट्रेट विपिन शिवहरे, सादाबाद तहसील के लिए एसडीएम शिव सिंह, तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र के लिए एसडीएम अंकुर वर्मा और तहसील सासनी क्षेत्र के लिए एसडीएम राजकुमार यादव को मजिस्ट्रेट नामित किया है। मस्जिद वार भी मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं, जो कि संबंधित तहसील वार नामित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था की निगरानी रखेंगे।