न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
शुक्रवार को होने वाले जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। सिकंदराराऊ व पुरदिलनगर इलाके में सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। बुधवार को कोतवाली पर हुई शांति समिति की बैठक में दोनों धर्मों के लोगों से दोबारा बवाल न करने की शपथ ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बच्चों को सुधार लें अन्यथा हम सुधार देंगे। आगामी जुमे पर कोई गड़बड़ी किसी सुुरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीओ सुरेंद्र्र सिंह ने कहा कि पुरदिलनगर में जो हुआ वह काफी गलत है। लोगों ने बिना अनुमति जुलूस निकाला। इसकी सजा कस्बे के सभी लोग भुगत रहे हैं। आगे से कुछ भी गड़बड़ी नजर आए या बाहरी तत्व भड़काए तो तत्काल सूचना दें। सभी मंदिर-मस्जिद में प्रबंधतंत्र अपने खर्चे पर सीसीटीवी कैमरा लगवाए। एसडीएम अंकुर वर्मा ने कहा कि जो विवादास्पद बयान उत्तरप्रदेश में नहीं दिया गया। बयान देने वाले के खिलाफ देश में कई जगह रिपोर्ट दर्ज हुई है। यहां जुलूस निकाल बवाल करने का क्या औचित्य था। कस्बा पुरदिलनगर के लोगों ने अफसोस व्यक्त करते हुए दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही।
एडीएम जे मोईनुद्दीन इस्लाम ने कहा कि कस्बे के लोगों को अच्छी तरह समझ जाना चाहिए कि बवाल के बाद क्या हाल होता है। आगे से काई बवाल नहीं होना चाहिए। सभी को अपनी बात कहने का लोकतंत्र में हक है लेकिन कानून के दायरे में रह कर। बैठक में व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय, कासिफ रजा, आरिफ, हाफिज दिलशाद, नाहिद, हाजी अबरार बेग, रविकुमार वार्ष्णेय, मो. रजा, आदिल हसन, हुसैन, अलताफ हुसैन, शहीद खां, शमसाद अली, मुन्ना, इरशाद नूरी, मुनीर, अब्दुल रब, शमीद खां, जाकिर हुसैन, आले नबी, फैज मोहम्मद, कुरबान, मो. नाजिम, सद्दाम हुसैन, हाली गुलाम अहमद, मतलूब अहमद, मो. इमरान, जहीर, मो. आमन, हाजी अफजाल, अब्दुुल कादिर, अय्युब, सुधीर प्रताप सिंह, नजमी, फकीर मोहम्मद, मो. हसीम, रशीद खान, मुन्ने खां, हाजी शफीक अहमद, मो. यामीन, जाकिर, असगर, अकरम खान आदि थे। संवाद