न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के शहरी इलाकों से सटे ग्रामीण क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट के रूप में जंगल तैयार किए जाएंगे। इस जंगल को इस तरीके से तैयार किया जा रहा है कि लोग इसमें घूमने जा सकें। वहीं पौधरोपण से लेकर अन्य कार्यों को किए जाने के लिए प्रशासन की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। वन विभाग इसे पूरी तरह से तैयार करेगा। इस सिटी फॉरेस्ट में टहलने के लिए पार्क और लाइट आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए भूमि का चिह्नांकन किया जा रहा है।
वन विभाग की ओर से सिटी फॉरेस्ट बनाए जाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए शहर से सटे ग्रामीण इलाकों में 4-5 हेक्टेयर भूमि का चिह्नांकन किया जा रहा है। जिले में ऐसे 15 सिटी फॉरेस्ट तैयार किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस सिटी में तालाब, टहलने के लिए पार्क, लाइट आदि की व्यवस्था भी की जाएगी।
शहर व ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाले लोग इसमें घूमने के लिए जा सकेंगे। इस लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। इसमें पौधरोपण किए जाने को लेकर संबंधित विभाग को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। डीएम रमेश रंजन ने बताया कि सिटी फोरेस्ट को लेकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। भूमि का चिह्नांकन कर जल्द ही इसे तैयार किया जाएगा। इसके बनने के बाद लोगों को अपने ही शहर में जंगल घूमने का मौका मिल सकेगा। संवाद