न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली पुलिस ने लूट के मोबाइल फोन सहित मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 411 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब सात बजे नगर पंचायत के निकट कांवड़ियों के सेवा शिविर में काम करने आई खु्शबू पुत्री रामकिशन निवासी भोजगढ़ी थाना सासनी का आरोपी मोबाइल फोन छीनकर भाग गया था। इसकी शिकायत पीड़ित खुशबू ने थाने में की थी। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी थी।
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रूदायन अड्डे पर मोबाइल फोन लेकर खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को लूट के मोबाइल फोन सहित दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रिंकू पुत्र गोपाल निवासी विष्णुपुरी सासनी बताया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 392 व 411 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। संवाद