न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना के मरीजों का इलाज एबीजी अस्पताल में शुरू हो गया है। रविवार को एबीजी अस्पताल में बने कोविड एल वन अस्पताल में दो संक्रमित मरीजों को भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि प्रशासन ने आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित इस अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के उपचार की व्यवस्था की है। शासन ने भी इस अस्पताल परिसर में कोविड एल वन अस्पताल बनाने की अनुमति दे दी है। इस अस्पताल में कोरोना के मरीजों का उपचार शुरू हो गया है।
कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन सेंटरों से अलग मुरसान में सीएचसी पर 20 बैड का कोविड वन अस्पताल बनाया था। अभी तक मिले सभी कोरोना संक्रमित मरीजों को उपचार के लिए मुरसान के एल वन अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा था। एबीजी अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए 50 बेडों का इंतजाम किया गया है। अब यहां जिले के कोरोना संक्रमित मरीज अपना उपचार सुगमता से करा सकेंगे। यह जानकारी एबीजी अस्पताल के संचालक मंडल ने दी है।