गौरव भारद्वाज, हाथरस।
अभिभावकों के लिए राहत की बात है। अब उन्हें बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए बैंकों व मुख्य डाकघर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पांच साल व उससे कम उम्र के बच्चों के आधार कार्ड उनके गांव में घर पर ही बनेंगे। शाखा डाकपालों को आधार कार्ड बनाने की ट्रेनिंग दी गई है। खास बात यह है कि नए आधार कार्ड पर डाकपाल को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
उसमें यदि कोई संशोधन है तो उसके लिए नियत शुल्क अदा करना होगा। जिले में काफी संख्या में बच्चों के आधार कार्ड अभी तक नहीं बने है। इस कारण अभिभावक बच्चों के आधार कार्ड को लेकर परेशान रहते हैं। वह डाकघर के चक्कर काटते हैं। उन्हें स्कूल का सर्टिफिकेट व अन्य कागजात मांगे जाते हैं। इस कारण आधार कार्ड से वंचित है।
इन सब परेशानियों को ध्यान में रखते हुए शाखा डाकपालों को आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी प्रदान की गई है। शाखा डाकपाल के मोबाइल में एक एप डाउनलोड किया गया है। इस एप की मदद से डाकपाल आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। नए आधार पर डाकपाल किसी तरह का शुल्क नहीं लेंगे। इसके अलावा यदि बायोमीट्रिक करना है तो सौ रुपये देने होंगे। यदि संशोधन कराना है तो उसके लिए पचास रुपये की राशि अदा करनी होगी।
एक शाखा डाकपाल पर कई गांव
जिले में भर में दो दर्जन के करीब शाखा डाकपाल है। एक शाखा डाकपाल पर कई-कई गांव हैं। इनके द्वारा आधार बनाने की प्रक्रिया को गति प्रदान की जाएगी। इस मामले में पोस्टमास्टर रामबाबू का कहना है कि जिले में शाखा डाकपाल द्वारा गांव में घर घर मोबाइल के जरिये आधार कार्ड बनाए जाएंगे। नए आधार पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।