हाथरस : मृतक अनिल का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के मोहल्ला बालापट्टी में पुराने विवाद के चलते एक नामजद ने कुछ लोगों पर पथराव कर दिया। पथराव में कई लोग घायल हो गए। सोमवार की सुबह हुई घटना में गंभीर हालत में घायल हुए व्यक्ति को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। अलीगढ़ में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव को लेकर कोतवाली पहुंच गए और तहरीर दी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के मोहल्ला बालापट्टी भोजराज गली नंबर तीन निवासी हरस्वरूप का 53 वर्षीय बेटा अनिल कुमार कौशिक सोमवार की सुबह अपने घर बैठा हुआ था। आरोप है कि पड़ोस में ही रहने वाले एक नामजद से पहले भी उनका विवाद हो चुका है। इससे यह नामजद उनसे रंजिश मानता था। आरोप है कि इसके चलते सोमवार की सुबह नामजदों ने अपने मकान की छत से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
छत से किए गए पथराव से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागे। यहां पर किए गए पथराव के दौरान अनिल कुमार, रामकुमार पाठक, आशीष, उमेश सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से अनिल कुमार को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां सोमवार की देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग अलीगढ़ में पोस्टमार्टम कराकर शव को लेकर कोतवाली सदर पहुंचे।
जहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने को पुलिस को तहरीर दी। इस मामले में हरस्वरूप ने मुकेश के अलावा मुकेश के दो बेटे रजत व कुलदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली सदर प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। संवाद