हाथरस: बिटिया के परिजनों से मिलते आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस की गुड़िया के कांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इससे पूरा देश विचलित है। योगी सरकार ने मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की है, इससे यह स्पष्ट हो गया है कि योगी राज में यूपी बेटियों के लिए कब्रगाह बन गया है। इस बच्ची के साथ दरिंदगी हुई है। उसको अस्पताल में ठीक से इलाज नहीं मिला। मौत के बाद परिवार को शव तक नहीं सौंपा गया, उसका चेहरा तक नहीं देखने दिया गया। शव जलाने के बाद दूसरे दिन अफसरों का बयान आता है कि बिटिया के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है, जबकि बिटिया मरते समय अपना बयान देकर गई है। सोमवार को गांव में बिटिया के परिजनों से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि यहां क्षेत्र में तुगलकी शासन को देखने को मिला। योगी के अन्याय और अत्याचार का अंत होने वाला है। योगी से सत्ता संभल नहीं रही है। उनको अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। आरोप लगाया कि सीबीआई को अभी तक कोई केस सौंपा नहीं गया है। गुड़िया के आखिरी बयान की कोई बात सरकार नहीं कर रही है। योगी सरकार आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है। बेटियों की सुरक्षा के दावे खोखले हैं। यह सरकार चिन्मयानंद व कुलदीप सेंगर के पक्ष में खड़े होने वाली है। परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा है। परिवार को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जाए। सीबीआई जांच न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यहां पुलिस-प्रशासन ने दादागिरी मचा रखी है। विपक्ष के नेताओं को पीटा जा रहा है। पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील है, जैसे कि इस बिटिया के घर का यह हिस्सा हिंदुस्तान में आता ही न हो। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इस केस को किसी दूसरे राज्य में स्थानांतरित किया जाए। पार्टी कानूनी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और सीएम योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि जातिवादी हिंसा विपक्ष फैला रहा है, जबकि भाजपा हमेशा सांप्रदायिक दंगे फैलाती रही है। अगर फिर भी भाजपा यही कहती है तो इससे ज्यादा हास्यास्पद व झूठा बयान कुछ हो नहीं सकता। उन्होंने कहा कि डीएम पर कार्रवाई इसलिए नहीं होगी, क्योंकि डीएम के पास सीएम की पोल है और पोल खुल जाएगी।