हाथरस : संत फ्रांसिस स्कूल में कर्मियों को चुनाव से संबंधित जानकारी देते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में तीसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए कार्मिकों को तीसरे दिन दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान 35 कार्मिक गैरहाजिर रहे। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान अब तक 95 कार्मिक गैरहाजिर रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रत्येक चरण में 600-600 कार्मिकों को यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में संत फ्रांसिस कॉलेज में मतदान कार्मिकों को यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तीसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए प्रशासन की ओर से दो सत्रों में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कार्मिकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया के बारे में मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से जानकारी दी गई। प्रथम सत्र में सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक व दूसरे सत्र में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक यह प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक सत्र में 30 कमरों में दो-दो मास्टर ट्रेनरों के जरिये 20-20 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
इस दौरान मॉक पोल, सीलिंग, मतदान संबंधी कार्य कराए जाने से संबंधित कार्यों के बारे में मतदान कार्मिकों को जानकारी दी गई। परियोजना निदेशक (पीडी) एके मिश्र ने बताया कि सभी गरहाजिर कार्मिकों के विभागाध्यक्षों को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। प्रशिक्षण न लेने की दशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण के दौरान अब तक 95 कार्मिक गैरहाजिर रहे हैं। संवाद