संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कूपा रोड सादाबाद निवासी अशोक कुमार के पुत्र पवन ने भार्गव कॉलोनी सादाबाद निवासी विवेक शर्मा और राजनगर निवासी ललिता शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पवन ने दोनों पर कूट रचित दस्तावेज दिखाकर 85 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
पवन ने बताया कि विवेक शर्मा ने कहा था कि वह इंडिया क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड कंपनी में बतौर एजेंट काम करता है जोकि सहारा इंडिया परिवार की अधिकृत ब्रांच है। आप मेरी कंपनी में अपना धन जमा कर दो, कंपनी आपको अच्छा ब्याज देगी।
विवेक की बातों पर भरोसा कर उसने 15 फरवरी 2020 को 16400 रुपये, 21 जनवरी 2021 को 25400 व 31 जनवरी 2021 को 43400 रुपये विवेक शर्मा को दे दिए। जिसकी प्राप्ति विवेक शर्मा ने दी।
जब उसने 20 माह पूर्ण होने के बाद विवेक से अपने पैसे निकालने के लिए कहा तो विवेक ने कहा कि वह तो अब मैनेजर के पद पर है, लेकिन तुम कार्यकारी सदस्य ललिता शर्मा से संपर्क करो। जब उसने ललिता से संपर्क किया तो ललिता शर्मा व विवेक ने कहा कि हमने तुम्हारा पैसा हड़प लिया है।
अब हम तुम्हें पैसे नहीं देंगे, तुम्हें जो करना है कर लो। अगर दोबारा यहां पैसा मांगने आया तो तुझे झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। पवन ने रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।