न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के 75 तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए जिला प्रशासन ने खाका खींचना शुरू कर दिया है। इन तालाबों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिए जाने के लिए संबंधित क्षेत्रों के एपीओ और तकनीकी सहायकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इन तालाबों का जीर्णोद्धार 15 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आजादी अमृत महोत्सव को लेकर शासन के निर्देश पर जिले के ग्रामीण इलाकों में 75 तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है। मनरेगा के तहत इन तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इन तालाबों की वर्तमान स्थिति को लेकर तकनीकी सहायकों और संबंधित एपीओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी तकनीकी सहायक मौके पर स्थलीय मुआयना कर तालाब की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट देंगे।
इसके बाद इन तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कार्ययोजना में इन तालाबों पर पक्के घाट, पौधरोपण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। परियोजना निदेशक (पीडी) एके मिश्र ने बताया कि इन तालाबों की सूची शासन की ओर से भेजी गई है। अब इन तालाबों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जा रहा है। संवाद