न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट भी लोगों की हालत खराब कर रहा है। शुक्रवार की शाम को शहर के तरफरा रोड पर 600 केवीए का ट्रांसफॉर्मर फुंकने से रात 12 बजे तक लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। फिर बिजली आई तो आंख मिचौली का खेल चला। इस कारण लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा। शहर के अन्य विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट के चलते लोगों को कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा।
अवर अभियंता अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि तरफरा रोड पर 600 केवीए का ट्रांसफॉर्मर फुंकने से शहर के तरफरा रोड, शिव कॉलोनी, चामड़ गेट सहित आधे शहर में शाम पांच बजे से रात 12 बजे तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोग चैन से सो नहीं सके। उसके बाद बिजली आई तो सिस्टम ओवरलोड हो गया। इस कारण कई बार बिजली बंद करनी पड़ी। इसके अलावा शनिवार को गिजरौली, नवीपुर, ओढ़पुरा, वाटर वर्क्स आदि विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाली लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण लोगों को कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। जेई ने बताया कि अब बिजली आपूर्ति सामान्य है। संवाद
जनता की परेशानी
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली गुल होना आम बात हो गई है। कई घंटे फॉल्ट के नाम पर बिजली बाधित हो रही है। इस कारण खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
-मोहित
जिले में बिजली संकट रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कभी दिन तो कभी रात में बिजली कट रही है। उधोग-धंधों पर खासा असर पड़ रहा है। अधिकारियों को समस्या पर ध्यान देना चाहिए। -कपिल अग्रवाल
गर्मी में एक तरफ पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की बात कही जा रही थी। अब बिजली गुल होने से विभाग की हकीकत का पता चल रहा है। पर्याप्त बिजली न मिलने से खासी परेशानी हो रही है।
-रवि वार्ष्णेय
गर्मी में लोग उबल रहे हैं। विभाग पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर ध्यान नहीं दे रहा है। लाइनमैन शटडाउन के नाम पर बिजली कटौती का खेल खेल रहे हैं।
-मनोज