न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वन विभाग के अलावा जिले के 23 विभाग अब जीओ टैगिंग करने में जुटे हुए हैं। जिले भर में तीन हजार से अधिक स्थानों पर 16 लाख 99 हजार पौधों का रोपण किया गया था। जिन विभागों ने अभी तक टैगिंग का कार्य पूरा नहीं किया है, उन्हें जल्द ही वन विभाग के एप पर डाटा फीड करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में 25 करोड़ पौधों का रोपण किया। इस क्रम में जिले में 16 लाख 99 हजार पौधों का 23 विभागों की मदद से रोपण किया गया था। अब वन विभाग द्वारा इन विभागों द्वारा लगाए पौधों की टैगिंग का कार्य पूरा किया जा रहा है। अब तक पचास प्रतिशत कार्य हो चुका है।
जिन विभागों ने अभी तक टैगिंग का कार्य नहीं किया है। उन्हें तीन दिन के अंदर जीओ टैगिंग का कार्य कर एप पर डाटा लोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में डीएफओ एमके शुक्ला का कहना है कि अब तक 50 प्रतिशत जीओ टैगिंग का कार्य पूरा हो गया है। बाकी टैगिंग के कार्य को जल्द पूरा करने के लिए सभी विभागों से कहा गया है।
ग्राम प्रधान ने पौधरोपण को कराया दुरुस्त
हाथरस। बीते दिनों सोशल मीडिया पर पौधरोपण में लापरवाही का वीडियो वायरल हुआ था। इसकी खबर छपने के बाद वन विभाग ने इसकी जानकारी ली। वह पौधरोपण ग्राम पंचायत का निकला। वन विभाग के निर्देश पर ग्राम प्रधान द्वारा पौधरोपण को सही कराया गया है।