न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सांस लेने में तकलीफ व अन्य परेशानी वाले 25 से 30 मरीज हर रोज पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों में लगभग 50 फीसदी मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। यह स्थिति काफी चिंताजनक है।
जनपद में हर दिन संक्रमितों का ग्राफ बढ़ रहा है। अभी जिले में 450 से अधिक कोरोना के सक्रिय मामले हैं। इसमें उन लोगों का आंकड़ा शामिल नहीं किया गया है जो दूसरे जिलों में इलाज करा रहे हैं। अगर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले मरीजों पर अगर नजर डाली जाए तो हर दिन स्थित गंभीर हो रही है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आईवी सिंह ने बताया कि हर दिन सांस घुटने व बेचैनी वाले मरीज अधिकतम मरीज आ रहे हैं। ऐसे मरीजों को ऑक्सीजन देकर उपचार देना शुरू कर दिया जाता है। उसके बाद कोरोना की जांच कराई जा रही है। हर दिन ऐसे 25 से 30 मरीज आ रहे हैं। जिनमें से जांच में 10 से 15 मरीज कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं। जिन्हें एल-2 अस्पताल में रेफर कर दिया जाता है। हमारे यहां पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है।