न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार से जिले में कार्डधारकों को खाद्यान्न का निशुल्क वितरण शुरू हो गया। कोरोना महामारी को देखते हुए शासन स्तर से सभी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में पर्यवेक्षकीय अधिकारियों की निगरानी में पहले दिन 42 हजार कार्डधारकों को खाद्यान्न का वितरण किया गया।
कोरोना महामारी को देखते हुए शासन ने कार्डधारकों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। इस क्रम में क्षेत्र वार राशन डीलरों को खाद्यान्न मुहैया करा दिया गया है। जिले में बृहस्पतिवार से खाद्यान्न का वितरण शुरू किया गया। इसको लेकर प्रशासन की ओर से पर्यवेक्षकीय अधिकारियों की तैनाती की गई। इन अधिकारियों की निगरानी में खाद्यान्न का वितरण सामाजिक दूरी का पालन करते हुए कराने के निर्देश जारी किए गए।
सभी राशन डीलरों ने टोकन सिस्टम से खाद्यान्न का वितरण किया। खाद्यान्न वितरण दो पालियों में किया गया, जिससे एक साथ भीड़ एकत्रित न हो। डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि जिले में पहले दिन 42 हजार कार्डधारकों को खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। सभी राशन डीलरों को कोविड के नियमों का पालन करते हुए खाद्यान्न वितरण किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।