न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आगामी दो मई को होने वाली पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने खाका खींच लिया है। मतगणना कार्मिकों को ड्यूटी पत्र जारी कर दिए गए हैं।
जिले में पंचायत चुनाव के लिए 15 अप्रैल को मतदान हुआ था। इसकी मतगणना दो मई को संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर कराई जाएगी। इसके लिए ब्लॉक वार मतगणना टेबल की संख्या निर्धारित कर दी गई है। पूरे जिले में 333 टेबल पर मतगणना कराई जाएगी। ब्लॉक सादाबाद में 56, सहपऊ में 34, हाथरस में 48, मुरसान में 50, सासनी में 58, सिकंदराराऊ में 36 और हसायन में 51 टेबलें लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और चार मतगणना सहायकों की ड्यूटी लगाई गई हैं।
मतगणना के लिए 20 फीसदी रिजर्व कार्मिकों को सम्मिलित करते हुए कुल 800 पार्टियां बनाई गई हैं। मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 27 और 28 अप्रैल को तीन पालियों में बागला कॉलेज में कराया जाएगा। मतगणना दो मई को सुबह आठ बजे से शुरू होकर कार्य समाप्त होने तक अनवरत जारी रहेगी। इसके लिए गणना कार्मिकों की ड्यूटी दो पाली में लगाई जाएगी। पहली पाली सुबह आठ से रात्रि आठ बजे तक और दूसरी पाली रात्रि आठ बजे से सुबह 8 बजे तक रहेगी।