न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शनिवार की छुट्टी के बावजूद शहर में बैंकें खोले गए। इस दौरान बैंकों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 300 आवेदकों को राशि दी गई। जिलेभर में पांच हजार आठ लोगों को स्वनिधि की राशि दी जानी है।
कोरोना काल में चौपट हुए व्यापार को पटरी पर लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा हथठेले वालों, रेहड़ी वालों और दुकानदारों को दस हजार रुपये की धनराशि देने के लिए इस योजना की शुरुआत की गई है। जिले में 5,008 लोगों ने इस योजना में आवेदन किया है। अब तक 45 सौ लोगों को स्वनिधि का लाभ मिल चुका है। बाकी के लोगों को 31 मार्च तक लाभ देने का लक्ष्य है।
माह के द्वितीय शनिवार को अवकाश के बावजूद बैंक खुले। इस मौके पर करीब 300 लोगों को स्वनिधि योजना का लाभ दिया गया। एलडीएम कार्तिक कुमार का कहना है कि स्वनिधि योजना का लाभार्थियों को लाभ दिलाने के लिए शनिवार को भी बैंक खोले गए। 300 लोगों को लाभ दिया गया। बाकी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए 31 मार्च तक का समय है।
15, 16 को ग्रामीण बैंक कर्मी भी रहेंगे हड़ताल पर
हाथरस। अन्य बैंककर्मियों के साथ ग्रामीण बैंक के कर्मचारी भी सोमवार और मंगलवार को हड़ताल पर रहेंगे। हाथरस रीजन ऑफिस में 55 ग्रामीण बैंक शाखाएं हैं। इनमें 39 ग्रामीण बैंक हाथरस जिले में है। निजीकरण और कर्मियों को बढ़े वेतन का भुगतान आदि मांगों को लेकर अन्य बैंकों के साथ ग्रामीण बैंक के कर्मी भी दो दिन की हड़ताल पर रहेंगे। यह जानकारी अधिकारी एसोसिएशन के महामंत्री डीके शर्मा ने दी है।