न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में छह मोबाइल टीमों सहित कुल 22 टीकाकरण टीमों द्वारा जगह-जगह लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया जा रहा है। यह जानकारी प्रभारी सीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम छूटे लोगों को घर-घर जाकर टीका लगाने का कार्य कर रही है और टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचने में अक्षम बुजुर्ग लोगों को भी घर में ही टीके लगाए जा रहे हैं। टीम रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को घर पर जाकर टीके लगा रही है। इसके चलते 45-59 वर्ष और 60 से अधिक वर्ष में लक्ष्य से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 15 वर्ष से अधिक उम्र के किशोर-किशोरियां इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। कोई भी 15 से अधिक उम्र के किशोर-किशोरियां व्हाट्सएप नंबर- 8864994876 पर मैसेज कर टीके की सुविधा पा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 18 से अधिक आयु के 98 प्रतिशत लोगों को टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी हैं। दूसरी खुराक निर्धारित दिन पूरे होने पर लगाई जाएगी। संवाद