संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शासन की सख्ती के बाद जिले में इन-दिनों राशन कार्ड वापस करने का सिलसिला तेज होता जा रहा है। जिला आपूर्ति अधिकारी के अलावा तहसीलों में बने आपूर्ति विभाग के कार्यालयों में राशन कार्ड वापस करने वालों की भीड़ लग रही है। यह वो लोग हैं, जो राशन कार्ड के लिए शासन से तय किए गए नये मानक पर खरे नहीं उतर रहे हैं।
अब तक जिले के 2100 कार्डधारकों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर (समर्पित) कर दिए हैं। दूसरी ओर, विभाग की तरफ से अपात्रों का डोर-टू-डोर सर्वे भी कराया जा रहा है। शासन के निर्देश पर जिले में अपात्र राशन कार्डधारकों का सत्यापन किया जा रहा है।
इस दौरान अपात्र मिलने वाले कार्डधारकों का विभाग की ओर से डाटा तैयार किया जा रहा है। इस सूची के अनुसार अपात्र कार्डधारकों को राशन कार्ड सरेंडर न करने की दशा में नोटिस जारी कर उनसे अब तक ली गई राशन सामग्री की कीमत की वसूली की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) एसपी शाक्य ने बताया कि सभी तहसीलों में एसडीएम के माध्यम से राशन कार्ड सरेंडर किए जाने की अपील की गई है। अगर कोई अपात्र राशन कार्डधारक राशन कार्ड सरेंडर नहीं करता है तो उनसे अब तक ली गई राशन सामग्री की कीमत की बाजार मूल्य पर वसूली की जाएगी।