न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जैसे-जैसे होली का पर्व नजदीक आ रहा है। रोडवेज प्रशासन को चालकों की कमी की चिंता सताने लगी है। त्योहार से पहले डिपो अधिकारियों ने चालकों की कमी दूर करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। चालक के रूप में काम करने के लिए डिपो को बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। मंगलवार को इन आवेदकों की अफसरों की मौजूदगी में परीक्षा होगी।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 83 बसें हैं। लंबे रूट की बसों पर दो चालकों को भेजा जाता है। इसके अलावा आए-दिन चालक गैरहाजिर हो जाते हैं। इस कारण बसों के पहिये थमे रहते हैं। होली पर बसों का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित कराने के लिए डिपो प्रशासन द्वारा 50 चालकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। आवेदन मिलने भी शुरू हो गए हैं।
अभी तक जो आवेदन करने वालों का मंगलवार को एआरएम, स्टेशन प्रभारी और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बाईपास पर बस चलवाकर टेस्ट लिया जाएगा। स्टेशन प्रभारी वीरी सिंह का कहना है कि वर्तमान में डिपो में 175 चालक हैं। करीब 50 और चालकों की आवश्यकता है। इसके लिए आवेदन आए हैं। मंगलवार को इनसे बसें चलवाकर टेस्ट लिया जाएगा।