न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली महकमे द्वारा घर बैठे व नजदीक सबस्टेशन से लोगों की बिजली संबंधी शिकायतों का निदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अप्रैल से जून माह तक बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर पर 13 हजार 495 उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें 13 हजार 385 शिकायतों का विभाग ने निस्तारण कर दिया, जबकि 110 शिकायतें अभी लंबित चल रही हैं। यदि विभागीय अफसर सही तरीके से इस टोल फ्री नंबर व अन्य पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की निगरानी करें तो इनमें काफी हद तक कमी आ सकती है।
उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा बदलते समय में जनशिकायतों के निस्तारण के लिए सोशल मीडिया और जनसुनवाई पोर्टल आदि माध्यमों का सहारा लिया जा जा रहा है। इसके बाद भी जिले के उपभोक्ताओं को राहत मिलती नहीं दिख रही है। इस बात का प्रमाण यह है कि एक अप्रैल से तीन जून तक महकमे के टोल फ्री नंबर 1912 पर बिजली बाधित होने से लेकर बिजली चोरी सहित 13 हजार 495 शिकायतें पहुंचीं।
विभाग में बने सोशल मीडिया सेल के अनुसार 13 हजार 385 शिकायतों को अब तक दूर किया गया है। 110 शिकायतें अलग-अलग मामलों की लंबित पड़ी हैं। इन उपभोक्ताओं को शिकायतों का निस्तारण का इंतजार है। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के प्रयास जारी हैं। संवाद