हसायन: गोवंश को लेकर भागते समय पलटी गाड़ी कोतवाली पुलिस के कब्जे में।
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
कोतवाली क्षेत्र के गांव जाऊ के नहर के पुल के निकट मंगलवार को गोवंश को लर जा रहा एक वाहन असंतुलित होकर नहर पुल के ऊपर पलट गया। वाहन में लदे दो गोवंश की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक-क्लीनर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस गाड़ी को हटवाया और दोनों मृत गोवंश को दफन करा दिया। हादसे के संबंध में पुलिस के चौकीदार ने गाड़ी के चालक और क्लीनर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जाऊ नहर पुल पर मंगलवार को एक टाटा गाड़ी कुछ गोवंश को लेकर तेज रफ्तार के साथ जा रही थी। तभी अचानक गाड़ी असंतुलित होकर नहर पुल पर पलट गई। गाड़ी पलटते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग चुका था।
ग्रामीणों ने जब गाड़ी में दो गोवंश को मृत अवस्था में देखा तो इसकी सूचना पुलिस चौकीदार प्रमोद कुमार को दी। चौकीदार ने थानाध्यक्ष को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पलटी हुई गाड़ी को उठाने के बाद अपने कब्जे में ले लिया।