दंगल में दांवपेच दिखातीं हरियाण की लड़कियां
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। ब्लॉक मुरसान के गांव कोरना में माता कोरनी देवी मेला महोत्सव के दौरान कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में पहली बार हरियाणा से आईं महिला पहलवानाें ने कुश्ती के दाव-पेंच दिखाए। इन पहलवानों को देखने के लिए आसपास के क्षेत्र के काफी लोगों की भीड़ जुटी रही।
दंगल का उद्घाटन गांव के प्रधान डोरीलाल एवं उमाशंकर शर्मा ने किया। दंगल के संयोजक डॉ. अविन शर्मा डायरेक्टर आरपीएम स्कूल ने बताया कि यह महोत्सव बड़ी घूमधाम से हर साल मनाया जाता है। हर साल की तरह इस साल भी अपने अन्य प्रदेश के पहलवानों के साथ दंगल कराया जाता है। इस साल बड़ी कुश्ती एक लाख रुपये की हरिकेश पहलवान (भारत केसरी) एवं सोनू पहलवान (भारत केसरी) हरियाणा के बीच तथा 75 हजार रुपये की कुश्ती हितेश पहलवान (भारत केसरी) एवं प्रवेश पहलवान (भारत केसरी) तथा 61 हजार की कुश्ती वरुण पहलवान हरियाणा एवं धीरज पहलवान मथुरा के बीच हुई। यह सभी कुश्ती बराबर रहीं। 34 हजार रुपये की कुश्ती रामेश्वर पहलवान एवं शिब्बो पहलवान के बीच कराई गई, जिसकी विजयश्री हाथरस के पहलवान रामेश्वर पहलवान को मिली। दंगल रेफरी चंद्रकांत शर्मा एवं गुटभाई पहलवान का विशेष सहयोग रहा।
रसिया में काली पल्टन-करन का मुकाबला
महोत्सव में रात आठ बजे रसियों का कार्यक्रम भी हुआ। इसका उद्घाटन उमाशंकर शर्मा एवं डॉ. अविन शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस रसिया कार्यक्रम में करन शर्मा एवं काली पल्टन के बीच जमकर मुकाबला हुआ। सुबह तक चले इस मुकाबले में किसी ने हार नही मानी और रसियों का कार्यक्रम भी बराबरी पर रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा उमाशंकर शर्मा, अविन शर्मा और रालोद जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठेनुआं का स्वागत किया गया। माता कोरनी वाली मैया के मेले में दीपक उपाध्याय, जगदीश रावत, देश दीपक, गौरी शंकर शर्मा, उमेश शर्मा, हरिकेश पहलवान, लहरी प्रसाद, भगवती प्रसाद, रामवीर सिंह, मोहन सिंह, रतन सिंह सहित अन्य लोगों का सहयोग भी सराहनीय रहा।