न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक महिला ने अपने पति पर अश्लील वीडियो रिश्तेदारों और पड़ोस के लोगों को भेजकर बदनाम करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर कोतवाली सदर में महिला ने शिकायत की है। पति से उसका विवाद चल रहा है और अब उसने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला की शादी करीब ढाई साल पहले आगरा के एक व्यक्ति के साथ हुई थी। कुछ दिन तक तो सबकुछ ठीक-ठाक चला। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने लगे। विरोध करने पर मारपीट भी होने लगी। महिला ने इस मामले की शिकायत महिला थाने में की, जिसके बाद दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज हुआ।
महिला का आरोप है कि अब पति उसकी अश्लील वीडियो क्लिप रिश्तेदारों व उसके पड़ोस के लोगों के पास डाल रहा है, ताकि उसका केस कमजोर हो जाए। इसे लेकर महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।