हाथरस: दून पब्लिक स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर से घर जाते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दून पब्लिकस्कूल में क्वारंटीन किए गए 51 विद्यार्थियों और तीन अभिभावकों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिसके बाद अब इन सभी को जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा होम क्वारंटीन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के कोटा में पढ़ाई कर रहे जिले के करीब 51 छात्र-छात्राओं और तीन अभिभावकों को तीन दिन पहले कोटा से रोडवेज बस से हाथरस लाया गया था। इन सभी को आगरा रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल में जिला प्रशासन द्वारा क्वारंटीन किया गया था। इन सभी को घर ले जाने के लिए उनके अभिभावक काफी परेशान थे। इधर, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अपनी कार्रवाई में लगा था।
सोमवार और मंगलवार की रात को दून स्कूल में मौजूद सभी की लखनऊ से आई किटों से कोरोना की जांच की गई, जिसमें ये सभी निगेटिव आए हैं, जिससे जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली और इन सभी को उनके घरों में होम क्वारंटीन करने का निर्णय लिया गया। इधर इस बात की जानकारी होने पर उसके परिवार के लोग भी काफी खुश दिखे और वह अपने अपने बच्चों को लेने के लिए दून स्कूल पहुंच गए। दोपहर को इन सभी को घरों को भेज दिया गया। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की निगरानी में अब इन सभी को होम क्वारंटीन किया गया है।
दून पब्लिक स्कूल में रोके गए छात्र-छात्राओं की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिसके बाद अब उन सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। 14 दिन तक ये सभी होम क्वारंटीन रहेंगे।
-प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम