संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
ब्लॉक हसायन की ग्राम पंचायत नगला गोविंद उर्फ नौजरपुर के ग्राम प्रधान ने एसडीएम सिकंदराराऊ के सामने एक मार्च से भूख हड़ताल व अनशन की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान का कहना है कि पिछले चार साल से तमाम बार शिकायत करने के बाद भी ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जों को नहीं हटवाया गया है।
ग्राम प्रधान नगला गोविंद सोरन सिंह कश्यप ने एडीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की भूमि पर ग्राम पंचायत के अनेकों बार प्रस्ताव के साथ दर्ज खतौनी के संबंध में तहसील दिवस, थाना दिवस, सीएम हेल्प लाइन में शिकायत कर चुका हूं। इन शिकायतों पर सक्षम अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। ग्राम समाज की कोई भी जगह को कब्जा मुक्त नहीं कराया गया है। ग्राम पंचायत में मंदिर शिव जी महाराज, क्रीड़ा स्थल, ग्राम सभा आबादी आदि भूमि पर अवैध कब्जा चला रहा है। ग्राम प्रधान ने कहा है कि शिकायतें पर सुनवाई नहीं होने से मानसिक रूप से दुखी होकर एक मार्च से एसडीएम सिकंदराराऊ कार्यालय के सामने भूख हड़ताल व अनशन करुंगा। वहीं गांव नगला गोविंद उर्फ नौजरपुर के रहने वाले कपूर चंद्र ने प्रभारी डीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि गांव के दबंग व प्रभावशाली लोगों ने काफी भूमि पर कब्जा कर लिया है और मेरे मकान पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने भूमि को कब्जा मुक्त कराने व कब्जाधारियों पर कार्रवाई की मांग की है। गांव के रहने वाली प्रेमवती ने कहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जबरन उसके खेत को ग्राम सभा की आबादी बताकर रास्ता निकलवाया जा रहा है, जबकि लेखपाल विगत में रास्ता के संबंध में अपनी रिपोर्ट दे चुके हैं। शिकायतकर्ता ने अपने खेत में रास्ता नहीं निकाले जाने की मांग की है।