सादाबाद। विकास खंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। इसमें 182 प्रार्थना पत्रों में से 46 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस मौके पर जिला अस्पताल के डाक्टरों की टीम ने 45 दिव्यांगों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जमीन का बैनामा होने के बावजूद एक साल तक खतौनी में नाम दर्ज न करने की शिकायत पर डीएम ने रजिस्ट्रार कानूनगो भगवान सिंह को निलंबित करने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। लोहिया ग्राम बघैना में निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए।
तहसील दिवस में जिलाधिकारी, एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा, सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई कर प्रभावी निस्तारण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित की।
डीएम ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को एक सप्ताह में निस्तारित कर उन्हें रिपोर्ट उपलब्ध कराने और शिकायतकर्ता को भी सूचित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने विगत तहसील दिवसों के निस्तारित मामलों की गुणवत्ता का सत्यापन करने के निर्देश जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए। अधिकारियों ने 70 शिकायतों की गुणवत्ता की तस्दीक की। डीएम ने कौशल विकास मिशन के तहत 11 प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र दिए। तहसील दिवस आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
यह अधिकारी रहे मौजूद
सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी मंजू श्रीवास्तव, तहसीलदार संदीप केला, डीपीआरओ जगदीशराम गौतम, डीआईओ यतीश चंद्र गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीके शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी सत्यप्रकाश, डीआईओएस जेके मलिक, बीएसए रेखा सुमन, सेवायोजन अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राम प्रवेश, डीएसओ सुरेंद्र यादव के अलावा विद्युत, पीडब्लूडी, सिंचाई, नलकूप, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी।
51 श्रमिकों को बांटीं साइकिलें
तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीकृत पचास श्रमिकों को साइकिल वितरित की। साइकिल पाकर श्रमिकों के चेहरे खिल उठे।
पशु चिकित्साधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि
सादाबाद। तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी लोहिया ग्राम बघैना पहुंचें और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ प्राइमरी विद्यालय में चैपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे रूबरू हुए। उन्होंने हैंडपंप, शौचालय, मनरेगा, सीसी रोड, केसी ड्रेन, वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग एवं समाजवादी पेंशन आदि योजनाओं के बारे में ग्रामीणों से जानकारी की। निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर ग्राम पंचायत अधिकारी भगवान सिंह को निलंबित करने के लिये डीपीआरओ को निर्देश दिए। गांव के संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने नोडल अधिकारी और पीडब्लूडी अभियंता के कार्य का ब्यौरा तलब किया। पशुओं के टीकाकरण न करने पर पशु चिकित्साधिकारी देवेंद्र सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।