प्रदेश के पशुधन विकास मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए भारतीय संविधान में अब तक सौ से अधिक संशोधन हो चुके हैं। देश की आर्थिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जीएसटी को लागू किया गया है। केंद्र सरकार समय-समय पर जीएसटी में संशोधन कर रही है और जरूरत पड़ने पर और भी संशोधन कर सकती है।
कैबिनेट मंत्री नवग्रह गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। प्रदेश में अपराधों पर अंकुश नहीं लग रहा है कि सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा की अखिलेश सरकार में पीड़ितों के मुकदमे दर्ज नहीं होते थे, इसलिए आंकड़ों के हिसाब से अपराध की संख्या कम रहती थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कोतवाली फरियाद लेकर जाने वाले हर पीड़ित का मुकदमा दर्ज किया जाता है। सभी मुकदमे दर्ज होने के कारण ही आंकड़ों में अपराध अधिक दिखाई दे रहे हैं।
पशुधन योजना के संबंध में उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में 25, 50 या 75 पशु खरीदने वाले पशुपालकों को ही बैंक ऋण देता था, लेकिन भाजपा सरकार पांच या छह पशु खरीदने के लिए भी पशुपालकों को बैंक से ऋण दिलाने के लिए कार्य कर रही है। पशुधन के संबंध में और भी कुछ योजनाएं चलाई जानी हैं, जो अभी गोपनीय हैं और उन पर काम चल रहा है। पत्रकार वार्ता में सदर विधायक हरीशंकर माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार, मंजू पाली बघेल, रविबाबू बघेल मौजूद थे।
पशुधन मंत्री का हुआ जोशीला स्वागत ः प्रदेश के पशुधन विकास मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गौरव आर्य के गोशाला रोड स्थित आवास पर भी पहुंचे। भाजपा नेता गौरव आर्य के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री का माल्यार्पण, दुपट्टा ओढ़ाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर जोशीला स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री के साथ सदर विधायक हरीशंकर माहौर का भी जोरदार स्वागत हुआ। स्वागत करने वालों में नरेंद्र आर्य, मनोज आर्य, ज्ञानेंद्र शर्मा, भूरा पहलवान, सुनील गौतम, अनुपम अग्रवाल, कालू सपरिया, प्रशांत मिश्र, सुबोध माहेश्वरी, राजेश कुमार, शिखर सिंघल, आशीष शर्मा, विमल प्रधान, बुद्धसेन आर्य, संजय सक्सेना, विनोद माहेश्वरी आदि शामिल थे।