संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
कस्बा सहपऊ निवासी व्यापारी गोपाल भाटिया पुत्र गिर्राज भाटिया के मकान पर रविवार की रात कुछ युवक घूस आए। उन्होंने खुद को पत्रकार बताते हुए उनके गोदाम पर छापा डलवाने की धमकी दी। इससे बचाने के एवज में उन्होंने व्यापारी से 50 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित के पुत्र ने कोतवाली में युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
तहरीर में व्यापारी के पुत्र ने बताया कि रविवार की रात साढ़े दस बजे मथुरा के जितेंद्र कुमार शर्मा, किशन गोपाल, योगेश कुमार गौतम, बीडी शर्मा, लालचंद्र शर्मा एवं दीन दयाल गोपाल भाटिया के मकान के नीचे बने गोदाम पर दो गाड़ियों में आए और अधिकारियों के छापा मारने से बचाने के एवज में पचास हजार रुपये मांगने लगे। इस पर मेरे पिता ने कहा कि जब वह कोई गलते धंधा नहीं करते हैं तो रुपये क्यों दें ?
इसी बात को लेकर उन युवकों ने मेरे पिता एवं माता के साथ अभद्रता की। हम दोनों भाई उस समय बाहर गए हुए थे। जब पिता ने फोन पर सारा हाल बताया तो दोनों भाई उसी समय घर वापस आए तब तक वह लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस को सूचना देने के बाद रात में ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
- कोतवाली में तहरीर मिली है। मुझे बताया गया है कि कंप्यूटर में कुछ तकनीकी खराबी हो गई है, इसलिए अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। तहरीर के मुताबिक मुकदमा अवश्य लिखा जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। - ब्रह्म सिंह क्षेत्राधिकारी सादाबाद