हाथरस के तालाब चौराहा स्थित फ्लाईओवर पर 27 जुलाई की शाम को ट्रैक्टर से कुचलकर गंभीर रूप से घायल हुई छात्रा खुशी (18) की मौत हो गई। छात्रा शहर के पशु चिकित्सक की बेटी थी और नीट की तैयारी कर रही थी। कोचिंग से लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गई। बेटी की मौत से परिवार सदमे में है।
शहर के पुराना मिल कंपाउंड निवासी डाॅ. संजीव अग्रवाल पशु चिकित्सक हैं। कंपाउंड में ही उनका क्लीनिक है। संजीव की छोटी बेटी खुशी इसी साल इंटर करने के बाद नीट की तैयारी कर रही थी। बड़ा बेटा निकुंज अग्रवाल गुरुग्राम में पढ़ाई कर रहा है। सोमवार की शाम को रोजाना की तरह खुशी स्कूटी से अलीगढ़ रोड पर नीट कोचिंग गई थी। शाम करीब 7:30 बजे वह कोचिंग से घर आने के लिए निकली। तालाब चौराहा स्थित फ्लाईओवर पर कोतवाली सदर की ओर उतरते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे खुशी स्कूटी सहित नीचे गिर गई।
आगे चल रहा एक और स्कूटी सवार युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और गिर गया, लेकिन ट्रैक्टर का अगला पहिया खुशी के ऊपर से निकल गया, जिसके बाद ट्रैक्टर रुक गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने छात्रा को जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया। इधर, ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला, जबकि दूसरा स्कूटी सवार छात्र भी वहां से चला गया।
अस्पताल पहुंचने तक छात्रा बेहोश थी। प्राथमिक उपचार के दौरान उसे होश आया और वह रोने लगी। उसकी नाक से खून बह रहा था और कोई बाहरी चोट नहीं थी। छात्रा ने अपना नाम, पता और पिता का फोन नंबर वहां मौजूद लोगों को बताया। इसके बाद परिजनों को खबर की गई।