यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट व्यक्तिगत परीक्षा के लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को पांच अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित अग्रसारण केंद्र पर आवश्यक अभिलेख जमा कराने होंगे। परीक्षा शुल्क 10 अगस्त तक कोषागार में जमा कराना होगा।
व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद निर्धारित विद्यालय में आवेदन पत्र, शैक्षिक प्रमाणपत्र, फोटो तथा अन्य आवश्यक अभिलेख जमा कराने होंगे। आवेदन पत्रों का सत्यापन निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अग्रसारित किया जाएगा। विलंब होने पर आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हाथरस में व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के प्रवेश के लिए पांच अग्रसारण केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टुकसान, राजकीय हाईस्कूल बस्तोई, राजकीय हाईस्कूल मुहरिया, राजकीय हाईस्कूल अरौठा तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हाथरस शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर हाईस्कूल के अधिकतम 500 तथा इंटरमीडिएट के 700 व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि समय रहते आवेदन करें ताकि विलंब शुल्क से बचा जा सके।
ये हैं आवेदन प्रक्रिया की प्रमुख तिथियां
- पांच अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि
- आवेदन पत्र एवं अभिलेख निर्धारित अग्रसारण केंद्र पर जमा करना अनिवार्य।
- 10 अगस्त तक परीक्षा शुल्क कोषागार में जमा कराया जाएगा।
- इसके बाद अग्रसारण केंद्र आवेदन पत्रों का सत्यापन कर परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे।
- निर्धारित समय के बाद किसी भी स्तर पर आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।