रक्षाबंधन पर एक दुकान पर घेवर खरीदने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
रक्षाबंधन पर शुक्रवार को जिले के बाजार भीड़ से गुलजार रहे। त्योहार पर जिले में व्यापार ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि घेवर, मिठाई और उपहार का कारोबार करीब 28 करोड़ रुपये के पार हो सकता है। बीते वर्ष की तुलना में इस बार मिठाई के कारोबार में 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सुबह से ही मिठाई की दुकानों, उपहार के स्टॉल और डिपार्टमेंटल स्टोर्स पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। मिठाई की प्रसिद्ध दुकानों और चौराहों पर सजे स्टॉल पर सादा घेवर, मलाई घेवर, मावा और अन्य पारंपरिक मिठाइयों को खरीदने के लिए लोगों में होड़ दिखी। कई जगह स्थिति यह रही कि दोपहर होते-होते घेवर का स्टॉक खत्म हो गया। अकेले मिठाई का कारोबार ही 24 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
बहन और भाइयों ने एक-दूसरे को देने के लिए पारंपरिक मिठाइयों के अलावा आकर्षक गिफ्ट पैक और हैंपर्स भी खरीदे। इससे लगभग 2.5 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
त्योहारों पर बदलते ट्रेंड के चलते इस बार युवाओं ने ई-कॉमर्स साइट्स के माध्यम से भाइयों और बहनों के लिए कस्टमाइज्ड और ट्रेंडिंग उपहार भी खूब ऑर्डर किए। ऑनलाइन डिलीवरी के जरिये बहनों के पास समय पर उपहार पहुंचे। स्थानीय स्तर पर ऑनलाइन उपहारों का कारोबार भी करीब 1.5 करोड़ रुपये का आंका गया है। कुल मिलाकर इस रक्षाबंधन पर जिले के व्यापार में जबरदस्त उछाल से कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।