अलीगढ़ रोड स्थित अक्रूर इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में नाम न होने पर हंगामा करते ल
- फोटो : samvad
नगर पालिका परिषद हाथरस के सीमा विस्तार के बाद पालिका प्रशासन की ओर से किए नए परिसीमन में वार्डों की संख्या बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र में परिवर्तन किया। निकाय चुनाव में इस परिसीमन के आधार पर वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम गायब मिले। मतदाता सूची में नाम न मिलने के कारण सैकड़ों मतदाता मायूस होकर बिना मताधिकार का प्रयोग कर लौटे। कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने सूची में नाम न होने के कारण हंगामा भी काटा।
जिले की नगर पालिका परिषद हाथरस का पिछले दिनों सीमा विस्तार किया गया था। इस सीमा विस्तार में शहरी क्षेत्र से लगी 11 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। इन इलाकों के शामिल होने के बाद पालिका प्रशासन की ओर से इन इलाकों का परिसीमन कर नए वार्ड सृजित किए गए। इन वार्डों के सृजन के बाद तैयार की गई मतदाता सूची में सैकड़ों मतदाताओं के नाम कट गए। ऐसे मतदाता बृहस्पतिवार को मतदान के लिए अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे तो वहां मतदाता सूची में नाम नहीं मिले। इस कारण मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर जमकर हंगामा काटा। मतदाता सूची में नाम न होने से मतदान केंद्रों से मतदाताओं को मायूस लौटना पड़ा।
मतदाता सूचियों में गड़बड़ी का बीएलओ पर आरोप : नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र में मतदाता सूचियों की गड़बड़ियों का ठीकरा प्रत्याशियों ने जिला प्रशासन और बीएलओ पर फोड़ा है। मतदाता व प्रत्याशियों का कहना है कि नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। वार्ड नंबर, मोहल्ले और बूथ बदलने पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। जिनका निस्तारण में प्रशासन ने लापरवाही बरती। बीएलओ ने मतदाता सूचियों का घर घर जाकर सत्यापन नहीं किया। जिसका परिणाम रहा कि सैकड़ों मतदाता अपने मताधिकार से वंचित रह गए।
मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए गया था। मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। इस कारण बिना वोट डाले लौट रहा है। पहले अन्य चुनावों में मैंने मतदान किया है। चंद्रशेखर।
ऐसा पहली बार हुआ है कि हमारे परिवार का वोटर लिस्ट से नाम गायब है। इस कारण मतदान केंद्र से वोट बिना डालकर जा रहे हैं। वोटर लिस्ट में काम करने के नाम पर खानापूर्ति की गई है। महेंद्र
विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव में मतदान किया है। मेरे पास वोटर कार्ड भी है। इसके बाद भी मेरा वोट नहीं है। इस कारण मतदान से में वंचित रह गया है। मुझे काफी परेशानी हुई है। कृष्ण कन्हैया।
वोटर लिस्ट में सही व्यक्ति का वोट नहीं आया है। मृत लोगों के नाम वोटर लिस्ट में है। आज लिस्ट में नाम न होने के कारण वोट नहीं कर पाया हूं। वोटर लिस्ट में नाम न होने का काफी दुख है। साहिल।