कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र अंतर्गत नेहरू कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त अध्यापिका कंचन चक्रवर्ती के साथ 7.22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कंचन का आरोप है कि आरोपी मनीष शर्मा निवासी हतीसा और मयंक नरूला निवासी रामनगर कॉलोनी मुरसान गेट ने दिसंबर 2021 में उनके बच्चे का बीएड में एडमिशन कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 7,22,200 रुपये ठग लिए।
इसके बाद आरोपियों ने चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ और बाद में गलोकल यूनिवर्सिटी सहारनपुर की फर्जी मार्कशीट लाकर दे दी। जब पीड़िता ने आरटीआई के माध्यम से इसकी जांच कराई तो मार्कशीट फर्जी निकली। रुपये वापस मांगने या विरोध करने पर आरोपियों ने बीफार्मा का लाइसेंस बनवाने का झांसा देकर फिर से ठगी की।
आरोप है कि दिवाली की पूजा के दौरान 20 अक्तूबर 2025 को आरोपी मनीष शर्मा, उसकी मां, बहन और मयंक नरूला जबरन उनके के घर में घुस आए और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार के साथ मारपीट की, कनपटी पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी और गले से सोने की चेन तोड़ ली। पुलिस में सुनवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।