खेती के लिए ट्रैक्टर खरीदने के मामले में राजस्थान के एक किसान से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सादाबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तीन लाख रुपये में ट्रैक्टर का सौदा किया और 2.50 लाख रुपये लेने के बाद उसकी आरसी नहीं दी। बाद में ट्रैक्टर की आरसी किसी अन्य महिला के नाम होने की जानकारी मिली।
राजस्थान के धौलपुर जिले के गांव बिजौली निवासी बाबू सिंह ने न्यायालय के आदेश पर सादाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उनके बेटे ध्रुव को खेती के लिए ट्रैक्टर खरीदना था। इसी सिलसिले में उन्होंने सादाबाद क्षेत्र के गांव कंजौली निवासी उदयवीर सिंह से मैसी फर्ग्यूसन 241 ट्रैक्टर का तीन लाख रुपये में सौदा किया था।
आरोप है कि उनके बेटे ने यूपीआई और नकद के माध्यम से 2.50 लाख रुपये दे दिए, लेकिन उदयवीर ने ट्रैक्टर की आरसी नहीं दी। ध्रुव ट्रैक्टर लेकर अपने गांव चला गया था। वहां अवैध खनन से संबंधित मामले में पुलिस ने उसे पकड़ लिया और एक अप्रैल को ट्रैक्टर भी बंद कर दिया गया।
बाद में जानकारी हुई कि ट्रैक्टर की आरसी जटोई निवासी राकेश देवी पत्नी ओमप्रकाश के नाम पर है। बाबू सिंह ने यह भी बताया कि राकेश देवी के पति की ओर से पांच जनवरी 2025 को सत्यपाल और राजपाल निवासी जटोई के खिलाफ चोरी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सादाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।