संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
फर्जी वकील बनकर कुछ लोगों से ठगी करने वाली एक युवती की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है। वहीं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने भी कहा है कि इस नाम की कोई वकील बार में पंजीकृत नहीं है। एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में राजकुमार, उर्मिला देवी और कमल सिंह ने कहा है कि एक युवती खुद को वकील बताती है। वह एक वकील के साथ बैठती है। शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि उनके पुराने मुकदमे अदालत में चल रहे हैं। खुद को वकील बताने वाली इस युवती ने कहा कि वह सभी मुकदमों को फाइनल करा देगी। इसकी एवज में उसने 80 हजार रुपये मांगे।
इन लोगों ने उसको 80 हजार रुपये भी दे दिए। इसके बाद जब इन लोगों ने इस युवती से पूछा कि उनके मुकदमों में क्या हो रहा है तो वह टालमटोल करती रही। आज तक उनका काम नहीं हुआ है। बाद में जब उन्हें पता चला कि यह युवती वकील नहीं है तो इन लोगोें ने उससे पैसे वापस मांगे। यह युवती उनसे गाली-गलौज करने लगी और झगड़ने लगी। युवती ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इन लोगों ने अब एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा है कि इस नाम की कोई भी वकील उनके यहां पंजीकृत नहीं है।