ग्रामसभा अटलपुर के पूर्व प्रधान ठाकुर गजेंद्रपाल सिंह (76) ने शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे गांव ल्हौसरा के रेलवे पुल के नीचे मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। परिजन के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। एक दिन पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन राहगीरों ने बचाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
शुक्रवार की सुबह लोधा थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव ल्हौसरा के समीप रेलवे लाइन पर मालगाड़ी के आगे कूदकर एक व्यक्ति ने जान दे दी है। इस पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। वहीं खबर फैली तो आसपास गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। एक ग्रामीण ने शव को पहचानकर परिजन को खबर दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त अटलपुर ग्रामसभा के पूर्व प्रधान ठाकुर गजेंद्रपाल सिंह पुत्र भीकंबर सिंह के रूप में की।
परिजन ने पुलिस को बताया कि ठा. गजेंद्र पाल सिंह कई माह से बीमार और मानसिक रूप से परेशान थे। शुक्रवार की सुबह टहलने की बात कहकर घर से निकले थे। लोधा एसओ अंकित सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।