जिले भर में बृहस्पतिवार को ईद-उल-जुहा का त्योहार खुलूस और अकीदत के माहौल में मनाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाह और मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा की और परवरदिगार से मुल्क और कौम की तरक्की की दुआ मांगी।
शहर के ईदगाह में सुबह साढ़े सात बजे मुफ्ती मोहम्मद इमरान कासमी ने नमाज अदा कराई। यह पहला मौका था, जब सभी नमाजियों ने ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा की। खुदा के सजदे में झुके हजारों सिर जैसे ही आसमान की तरफ उठे तो पूरा माहौल अल्लाह-ओ-अकबर से गूंज उठा।
तय वक्त से पहले ही मुरसान गेट स्थित ईदगाह पर नमाजियों की भीड़ जमा हो गई थी। सभी नमाजी ईदगाह के अंदर ही जानमाज और चादर बिछ़ाकर बैठे। मौलाना नजीर साहब ने कुरान की आयतों से तकरीरें पेश कीं। शहर मुफ्ती मोहम्मद इमरान कासमी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का फर्ज है कि वह नेकी रास्ते पर चले और फरेब से बचे। बच्चों को सच्चाई की तालीम दें। इस मौके पर मुल्क में अमन चैन और कौम की तरक्की की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई।
पुलिस-प्रशासनिक व राजनीतिक दलों ने लगाए शिविर
बकरीद के मौके पर ईदगाह पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एडीएम बसंत अग्रवाल, सीओ सिटी सुरेंद्र सिंह, एसडीएम आशुतोष सिंह सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी रहे। उन्होंने नमाज के बाद गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं सपा, बसपा, आजाद समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी की ओर शिविर लगाए गए। इस अवसर पर रामनारायण काके, लल्लन बाबू, बालकिशन, राम, बृजमोहन राही, पिंटू दिवाकर, प्रकाशचंद्र, फजुर्रहमान, मुजीबुर्रहमान आदि मौजूद रहे। मुस्लिम इंतजामियां कमेटी ने सभी का आभार जताया। संवाद