फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: कोहरा.. सात बिजली घरों से 13 घंटे ठप रही आपूर्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
घने कोहरे से मीतई बिजली घर और इससे जुड़े छह छोटे बिजली घरों की आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार रात दो बजे ठप हुई बिजली 13 घंटे बाद रविवार दोपहर तीन बजे ठीक हुई। इससे लगभग 18 हजार परिवारों को खासी परेशानी हुई। रविवार को दिन भर कामकाज प्रभावित हुआ।
विज्ञापन

बिजली न होने से आमजन के साथ-साथ मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। घरों में हीटर, ब्लोअर और अन्य बिजली उपकरण बंद हो गए। कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति और घरेलू कार्य भी प्रभावित हुए।
शनिवार देर रात से ही घना कोहरा था। इसी दौरान मीतई बिजलीघर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उससे जुड़े छोटे बिजलीघरों की आपूर्ति बंद हो गई। मीतई से गिजरौली शहर, गिजरौली देहात, चंदपा, नवीपुर, लाड़पुर और अलैहपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति होती है। बिजलीघर में कोहरे की वजह से इंसुलेटर खराब हो गए। कोहरे की नमी से लाइन में फॉल्ट होने से बार-बार ट्रिपिंग होती रही, जिससे मरम्मत कार्य में भी दिक्कतें आईं। बिजली विभाग की टीमें रात से ही फॉल्ट तलाशने और सुधार कार्य में जुटी रहीं। रविवार दोपहर करीब तीन बजे के बीच अलग-अलग इलाकों में विद्युत आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन



आलू की फसल को इस समय सिंचाई की सख्त जरूरत है। कोहरे में आए दिन फाल्ट होने पर बिजली गुल हो जाती है। रविवार को भी पूरे दिन मरम्मत करने की बात कही जाती रही। किसान बहुत परेशान हैं। -मुकेश पचौरी, चंदपा।




हर रोज बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। बिजली कर्मी फोन नहीं उठाते हैं, समय से लाइन को दुरुस्त कर लें तो सप्लाई ठीक से होती रहेगी। आलू की सिंचाई का नंबर लगाया तो पूरी रात और दिन भर बिजली नहीं आई। -सतीश चंद्र शर्मा, चंदपा।






रविवार सुबह उठे तो पता चला कि रात से ही बिजली नहीं है। रविवार को काम अच्छा निकलता है, लेकिन दुकान जाने में देरी हो गई। घर पर बच्चों की दिनचर्या भी बिगड़ गई, पूरे दिन का काम प्रभावित हुआ। -कन्हैया लाल अग्रवाल, नवीपुर।






सुबह कहीं जाने का कार्यक्रम था, लेकिन बिजली न आने के कारण कुछ नहीं हो पाया। कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। अब अगले सप्ताह तैयारी करनी पड़ेगी। बिजली की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। -नरेश चंद्र गुप्ता, जागेश्वर।




घने कोहरे और नमी के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। जैसे-जैसे मौसम साफ हुआ, वैसे-वैसे फॉल्ट दूर कर सप्लाई बहाल कर दी गई। आने वाले दिनों में कोहरे की संभावना को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा इस तरह की स्थिति न बने।
विज्ञापन

-संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता हाथरस।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें