सादाबाद में एचटी तार गिरा, पांच महिलाएं झुलसी
जहां तार गिरा वहां 50-60 महिलाएं शोक में बैठी थी, मची अफरा तफरी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। बिजली महकमे के लापरवाह रवैये ने लोगों की जान मुश्किल में डाल रखी है। बुधवार की शाम सादाबाद क्षेत्र के गंाव मडनई में एक हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जहां तार गिरा वहां शोक में डूबी 50-60 महिलाएं बैठी हुई थी। तार की चपेट में आकर पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। इन महिलाओं को ग्रामीण उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। ग्रामीणों में बिजली महकमेे के प्रति काफी आक्रोश था।
जानकारी के मुताबिक गांव मडनई में बुधवार की सुबह जयलाल सिंह की वृद्ध पत्नी रूमाली देवी का निधन हो गया था। इस वजह से उनके घर पर रिश्तेदार और गांव के लोगों का आना जाना लगा हुआ था। शाम करीब साढ़े पांच बजे लोग रूमाली देवी का अंतिम संस्कार करने गए थे। घर के बाहर काफी संख्या में शोकग्रस्त महिलाएं खड़ंजे पर बैठी हुई थीं।
इस दौरान गांव में आंबेडकर पार्क के निकट लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर से जा रही हाइटेंशन लाइन में फॉल्ट हो गया, जिसके बाद हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर महिलाओं के ऊपर जा गिरा। इससे महिलाओं में अफरातफरी और चीखपुकार मच गई। करंट से आशा पत्नी मुरारीलाल, संगीता पत्नी पवन कुमार, रीना देवी पत्नी कपूरचंद्र, विमला देवी पत्नी प्रदीप कुमार निवासी नगला जार पोहिया चौराहा आगरा और सीमा पत्नी किशन गोपाल निवासी धातुराकला हाथरस झुलस गईं। किसी तरह तार को बांस बल्लियों की सहायता से दूर किया गया। झुलसी हुई महिलाओं को सादाबाद के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
इधर, सूचना के बाद बिजली महकमे का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि पूरे गांव में बिजली के जर्जर तार हैं, आए दिन यह तार टूटकर गिरते रहते हैं। बारिश में बिजली पोलों में करंट आता है, लेकिन कई बार की गई शिकायत के बाद भी बिजली अफसरों ने बिजली समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया है।
एक्सईएन और एसडीओ ग्रामीण का फोन जाता रहा बंद
हादसे के बाद जब ग्रामीणों ने एक्सईएन और एसडीओ का फोन लगाया तो वह स्विच ऑफ आता रहा। महकमे के अधिकारियों ने अपने हाल ही में बदले हुए नंबरों की जानकारी भी आम उपभोक्ताओं को नहीं दी है।
घटना की एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, जिससे पीड़ितों को कुछ राहत मिल सके। गांव के जर्जर तारों को भी बदलवाया जाएगा। इस संबंध में एक्सईएन सादाबाद को निर्देशित कर दिया गया है।
- संदीप अग्रवाल, एसई, विद्युत विभाग, हाथरस।