शहबाजपुर चौराहे पर लोकवाणी और स्वास्थ्य केंद्र से हजारों की चोरी
दीवार काटकर व ताला तोड़कर चोरों ने दिया घटना को अंजाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। सादाबाद थाना क्षेत्र के सादाबाद सलेमपुर मार्ग पर शहबाजपुर चौराहे पर स्थित लोकवाणी केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र से चोरों ने हजारों रूपये का सामान पार कर दिया। इन घटनाओं को लेकर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक शहबाजपुर चौराहे पर बिट्टू लोकवाणी केंद्र है, जिसे हिरदेश कुमार चौधरी पुत्र फौरन सिंह संचालित करते हैं। मंगलवार की रात को अज्ञात चोरों ने लोकवाणी केंद्र की दीवार को काटकर वहां से तीन प्रिंटर, एक कंप्यूटर सैट, इनवर्टर, बैटरा, मोबाइल एसेसरीज आदि हजारों रुपये का सामान पार कर ले गए।
इधर, यहां स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र से भी चोरों ने ताले चटका कर कूलर व अन्य सामान पार कर दिया। सूचना पर मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और घटना के संबंध में पूछताछ की। पीड़ित लोगों ने घटना के संबंध में तहरीर कोतवाली में दी है, जिस पर पुलिस एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही कर रही थी।