कोतवाली चंदपा क्षेत्र के कोटा रोड पर गांव कपूरा के निकट स्थित तेल के गोदाम में खड़े टैंकर में बृहस्पतिवार की दोपहर सवा दो बजे शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। मौके पर अफरा-तफरा मच गई। आग बुझाने में कैंटर का हेल्पर झुलस गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
कोटा रोड पर गांव कपूरा के निकट तेल का गोदाम है। यह गोदाम सपा के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के भाई राजकुमार अग्रवाल का बताया जा रहा है। बृहस्पतिवार को इस गोदाम में खड़े एक कैंटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कैंटर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। टैंकर से आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझ पाई।
आग बुझाने के प्रयास में कैंटर का हेल्पर सुमित पुत्र गिर्राज सिंह निवासी बेरूआ थाना सिकंदराराऊ घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने उसका उपचार किया।
-
टैंकर में आग व तेज आवाजों से जान बचाकर भागे लोग
टैंकर में आग लगने के बाद तेज आवाजों से लोग सहम गए। गोदाम में आग लगने की आशंका से लोग जान बचाने के लिए मौके से भाग खड़े हुए। लोग गोदाम से निकलकर गांव की तरफ भागने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी मची रही। पुलिस व फायर ब्रिगेड के आने के बाद दोबारा लोग घटना स्थल पर पहुंचे।
-
कई थानों की पुलिस व अफसर पहुंचेगोदाम में खड़े कैंटर में आग लगने की सूचना पर कई थानों की पुलिस व आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। पुलिस को डर था कि तेल के गोदाम ने अगर आग पकड़ ली तो बड़ा हादसा हो सकता है।
-
दूसरे कैंटर ने भी पकड़ ली थी आग-
जिस कैंटर में आग लगी थी उसके पास खड़े दूसरे कैंटर ने भी आग पकड़ ली थी। इसका चालक अपने कैंटर को लेकर गोदाम में दूसरे स्थान की तरफ दौड़ पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी व मिट्टी आदि डालकर इस कैंटर में लगी आग को बुझाया।
-
100 मीटर की दूरी पर है गांव, हो सकता था बड़ा हादसा
तेल के गोदाम से महज 100 मीटर की दूरी पर ही गांव कपूरा स्थित है। गनीमत रही कि गोदाम में आग नहीं लगी। गोदाम में आग लगने की स्थिति में गांव में भी आग फैलने की संभावना थी। अगर ऐसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि यह हादसा टल गया।
-
डेढ़ घंटे में बुझाई जा सकी आग
कैंटर में आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मचारी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे कर्मचारियों को आग बुझाने में करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
-
वर्जन-
प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझा ली है। आग से झुलसे एक व्यक्ति का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है।
- योगेंद्रकृष्ण नारायण, सीओ सदर।