कॉपी फैक्टरी में आग लगने से राख हुआ सामान। संवाद
- फोटो : samvad
शहर के कलवारी रोड स्थित आशीर्वाद कुंज कॉलोनी स्थित कॉपी बनाने की फैक्टरी में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। आग से करीब 25 लाख रुपये कीमत का माल जलकर राख हो गया। काफी देर तक काॅलोनी में अफरा-तफरी मची रही।
आशीर्वाद कुंज में पीपेंद्र कुमार पुत्र नेत्रपाल सिंह की उमंग कॉपी हाउस के नाम से फैक्टरी है। पीपेंद्र का कहना है कि उनकी फैक्टरी के पास से 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन गुजर रही है। इस लाइन के एक खंभे पर इंसुलेटर नहीं लगा है। इस कारण यहां चिंगारी निकलने से शुक्रवार की सुबह उनके माल में आग लग गई। कॉपी बनाने में प्रयोग किए जाने वाले कागज के रोल पर चिंगारी पड़ते ही आग तेजी से फैल गई और चंद मिनटों में करीब 25 लाख रुपये का माल जल गया। इसे लेकर पीपेंद्र कुमार ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड दो से नुकसान की भरपाई किए जाने की मांग की है।
वर्जन
कॉपी की फैक्टरी के संचालक ने रात के समय आई गाड़ी से माल फैक्टरी के बाहर ही उतरवा लिया था। सुबह बिजली के तारों की चिंगारी से आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर भेजी गईं और करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
-आरके वाजपेयी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, हाथरस।