बसईकाजी बिजलीघर पर धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Self
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को बसईकाजी बिजलीघर पर धरने पर बैठ गए। जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोला सूर्यवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला उपाध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि विद्युत निगम के अधिकारियों की मनमानी से अत्यधिक बिजली कटौती हो रही है, जिससे गर्मी के मौसम में क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानी हो रही है। उनके बिलों में भी भारी बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कह रही है तो दूसरी तरफ किसान विद्युत कटौती से परेशान हैं। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता सतेंद्र सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
धरने पर बैठने वालों में कृष्णकांत गौतम, मूलचंद बघेल, राजबहादुर, जगदीश सिंह, ओमकार, मणिकांत, अजीत कुशवाहा, वीरेंद्र सिंह, सतीशचंद्र, विवेक, संजय आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।