फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: महापंचायत में गरजे किसान, बोले-आलू का दिलाओ बाजिव दाम

Sat, 22 Aug 2026 02:20 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
पंचायत को संबो​धित करते किसान नेता। संवाद - फोटो : Samvad
विज्ञापन
आलू का गिरता भाव क्षेत्र में किसानों के लिए चिंता का विषय और किसान संगठनों के लिए बड़ा मुद्दा बन गया है। तहसील परिसर में चल रहे भारतीय किसान यूनियन के धरने के दौरान शुक्रवार को हुई महापंचायत में किसानों ने आलू की बेकदरी पर चिंता जताई और किसानों को बाजिव दाम दिलाने की एक स्वर से मांग उठाई।
विज्ञापन

महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ जुटी। पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, प्रताप चौधरी व डाॅ. अनिल चौधरी भी पहुंचे। किसानों ने प्रमुख रूप से 1600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू की सरकारी खरीद किए जाने, किसान रजिस्ट्री की अनिवार्यता समाप्त करने, बिना किसान रजिस्ट्री के किसानों को खाद उपलब्ध कराने, किसानों के संपूर्ण कर्ज माफ करने तथा शीतगृह का भाड़ा माफ करने की मांग उठाई।
भाकियू टिकैत के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने कहा कि आलू किसानों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की जायज मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, भाकियू किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन

पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करता है, लेकिन जब उसकी उपज बाजार में आती है तो उसे लागत के अनुरूप भी मूल्य नहीं मिल पाता। सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने कहा कि आलू किसानों की समस्याएं केवल किसानों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे पूरे ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है।
पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने कहा कि सरकार को किसानों की वास्तविक समस्याओं को समझकर ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे उन्हें उनकी फसल का लाभकारी मूल्य मिल सके।
सपा नेता प्रेम सिंह ने कहा कि 12 दिनों से तहसील परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना किसानों की मजबूरी को दर्शाता है। महापंचायत में प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. मलखान सिंह, जिलाध्यक्ष सत्यदेव पाठक, मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी, विश्वजीत आर्य, बनी सिंह पहलवान, पदम सिंह आर्य, श्रीराम चौधरी, मंगलेश यादव, प्रेम सिंह, विक्रम सिंह वर्मा आदि अनेक किसान मौजूद थे।
दस्तावेज लेखक संघ ने दिया समर्थन
किसानों के आंदोलन को दस्तावेज लेखक संघ ने भी समर्थन दिया। संघ के अध्यक्ष राजकुमार दीक्षित व पूर्व अध्यक्ष राजू जैसवाल महापंचायत में पहुंचे। उन्होंने किसानों की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन में साथ खड़े रहने की बात कही।
राकेश टिकैत के आगमन की तैयारियां शुरू
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी व तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत भी सादाबाद पहुंचेंगे। उनके आगमन के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सतर्क रहा प्रशासन, भारी वाहनों को नहीं घुसने दिया गया अंदर
महापंचायत को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा। ट्रैक्टर आदि वाहनों से किसानों के तहसील में पहुंचने की आशंका के चलते पुलिस द्वारा तहसील गेट से कुछ दूरी पर ही बैरियर लगा दिया गया, जिससे भारी वाहन तहसील में प्रवेश न कर सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें