कुरसंडा क्षेत्र के गांव मोहनलाल में शनिवार सुबह खेत जोतने पहुंचे किसान महीपाल (60) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव अपने ही ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे दबा मिला। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बेटे ने चाचा समेत चार लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने और शव को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे दबाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। गांव निवासी वीरपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता महीपाल सिंह शनिवार सुबह करीब तीन बजे छोटे बेटे रमन को साथ लेकर ट्रैक्टर से खेत जोतने गए थे। रमन खेत के कोने बना रहा था, जबकि महीपाल ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे।
आरोप है कि इस दौरान जंगजीत सिंह, श्यामवीर सिंह, अनीता पत्नी स्वर्गीय अजीत सिंह निवासी मोहनलाल और श्यामवीर सिंह का साला सत्यवीर सिंह निवासी दयालबाग, आगरा समेत पांच लोग लाठी-डंडे, सरिया और फावड़ा लेकर खेत पर पहुंच गए। तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने महीपाल सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। रमन के सामने ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
आरोप है कि आरोपियों ने शव को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे दबा दिया गया। रमन के शोर मचाने पर उसका भाई गोपाल भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों को भी मारने का प्रयास किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस की पीआरवी भी मौके पर पहुंची।
वीरपाल सिंह के मुताबिक वह मेरठ में नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलने पर वह घर पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
आठ माह पहले खरीदी थी जमीन
बताया जा रहा है कि करीब आठ माह पहले महीपाल सिंह ने अपने भाई जंगजीत सिंह की पुत्रवधू से करीब सवा बीघा जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक दो दिन पहले जंगजीत सिंह ने इसी खेत में फसल की बुवाई कर दी थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह करीब तीन बजे महीपाल सिंह ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने पहुंचे थे।
सामने वाले खेत में पहुंचा मिला ट्रेक्टर
घटना के बाद ट्रैक्टर सामने वाले खेत में मिला। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपियों के पीछे आने पर महीपाल ट्रैक्टर लेकर आगे निकलने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर दूसरे खेत में पहुंच गया। आरोप है कि बाद में हमलावरों ने महीपाल के साथ मारपीट कर उन्हें ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे दबा दिया। घटनास्थल से एक सरिया और डंडा मिलने की बात भी सामने आई है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-विजय कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारीी