क्षेत्र के किसान डीएपी की किल्लत से परेशान हैं। सहकारी समिति पर उपलब्ध होने के बावजूद भी डीएपी न मिलने से किसानों में आक्रोश है। किसानों ने सहकारी समिति के सचिव द्वारा डीएपी न बांटने की शिकायत थानाध्यक्ष से की। थानाध्यक्ष ने एसडीएम गभाना को इससे अवगत कराया है।
किसानों का कहना है कि 28 अक्तूबर को सचिव ने कुछ लोगों को डीएपी दी, इसके बाद खाद नहीं बांटा। 29 अक्तूबर मंगलवार को बुलाया तो धनतेरस होने के बावजूद भी किसान सुबह पांच बजे से ही समिति पर पहुंच गए, लेकिन डीएपी नहीं मिल पाई। सचिव अलीगढ़ से डीएपी लेने जाने की बात फोन पर कहते रहे। देर शाम जब सचिव समिति पर पहुंचे तो मोबाइल पर डीएम का आदेश दिखाते हुए सोमवार चार नवंबर को वितरण करने को कहा। बताया कि करीब 350 बोरा डीएपी उपलब्ध है।
सोमवार सुबह तड़के जब किसान पहुंचे तो डीएपी नहीं मिला। किसान 11 बजे तक समिति पर जमे रहे। इसके बाद कोतवाली पहुंच गए और थानाध्यक्ष अरुण पवार से खाद दिलाने की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष ने सचिव को थाने बुलाकर एसडीएम गभाना को अवगत कराया। इस पर सचिव ने मंगलवार से वितरण करने को कहा। किसानों की मांग है कि अधिकारियों की देखरेख में वितरण हो।
सचिव बेचूराम गौड़ का कहना है कि दिवाली पर वह गांव चले गए थे, सोमवार सुबह लौटे हैं। पुलिस नहीं मिलने से डीएपी का वितरण नहीं कर पाए हैं। इस मौके पर विजेंद्र सिंह, देवीराम, मुकेश कुमार, मनोज कुमार, विपिन कुमार, राजकुमार, बच्चू सिंह, ऋषि कुमार, भोजराज सिंह, सतीश कुमार, नंदकिशोर, शिवराज सिंह आदि किसान मौजूद रहे।