नलकूपों के कनेक्शन कटने के बाद गांव की करीब 500 बीघा धान की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई। तपती धूप में फसल को बर्बाद होता देख किसानों का धैर्य जवाब दे गया। किसानों में आक्रोश फैल गया।
हाथरस में चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हीरा में 18 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे बिजली निगम के कर्मचारियों ने अचानक करीब 50 किसानों के ट्यूबवेल के कनेक्शन काट दिए। आक्रोशित किसानों ने 19 जुलाई को चंदपा उपकेंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
इन नलकूपों के कनेक्शन कटने के बाद गांव की करीब 500 बीघा धान की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई। तपती धूप में फसल को बर्बाद होता देख किसानों का धैर्य जवाब दे गया। किसानों में आक्रोश फैल गया। रविवार को किसान चंदपा बिजलीघर पहुंच गए और वहां प्रदर्शन किया।
इस दौरान बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों और किसानों के बीच काफी तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों के उग्र रुख को देखते हुए बिजली निगम के कर्मचारियों ने आनन-फानन उन्हें शांत कराया और आश्वासन दिया कि शाम तक सभी नलकूपों के कनेक्शन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर तय समय पर कनेक्शन नहीं जोड़े गए और बिजली सप्लाई शुरू नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
विज्ञापन
चंदपा उपकेंद्र के जेई जितेंद्र कुमार का कहना है कि अधिक लोड बढ़ने के कारण बार-बार मशीन ट्रिप होकर गिर जाती है और ट्रांसफाॅर्मर फुंकने का डर बना रहता है, इसलिए कनेक्शन काट दिए गए थे। अब लाइन को चालू करा दिया गया है। जल्द ही ओवरलोडिंग कम करने का प्रयास करके पूर्ण रूप से सप्लाई दी जाएगी।