संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
बिसावर पंचायत के गांव नगला छत्ती में ओलावृष्टि और बारिश की वजह से बर्बाद हुई फसल को देखकर सदमा लगने से एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव नगला छत्ती निवासी दाताराम सिंह पुत्र जीवन लाल उम्र करीब 75 साल ने गेहूं, सरसों की फसल की थी, लेकिन पिछले हफ्ते और शनिवार को हुई ओलावृष्टि से खेतों में उनकी फसल को काफी नुकसान हुआ, शनिवार को जब उन्होंने खेत पर बर्बाद फसल को देखा तो उनकी तबियत अचानक खराब हो गई, खेतों से जब दाताराम काफी देर तक घर नहीं लौटे तो खेत पर परिजन पहुंचे, जहां दाताराम खेत में बेहोशी की हालत में पड़े थे। परिजन उन्हें चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे और उनका उपचार कराया, लेकिन उनकी तबियत काफी खराब हो गई, सोमवार की सुबह किसान ने अचानक ही दम तोड़ दिया। मृतक किसान के परिजनों ने बताया कि 18 बीघा खेत में गेहूं, सरसों की फसल बोई थी, लेकिन ओलावृष्टि की वजह से फसल बर्बाद हो गई।